15/05/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
धनबाद : भविष्य का भारत कार्यक्रम की शुरुआत झारखंड के धनबाद जिले में भी
अखिल भारतीय जन विज्ञान नेटवर्क एवं भारत ज्ञान विज्ञान समिति के संयुक्त तत्वावधान में पूरे देश में “भविष्य का भारत” अभियान चलाया जा रहा है.जिसका नारा है आज जो है, उससे बेहतर चाहिए।इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत 1 मई 2026 से पूरे देश में हो चुकी है। इसी क्रम में आज झारखंड के धनबाद में इस अभियान को लेकर एक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।भारत विविधताओं में एकता का देश है, जहाँ विभिन्न भाषाओं, धर्मों और संस्कृतियों के लोग साथ रहते हैं। ऐसे देश को किस दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, विकास का स्वरूप कैसा हो, तथा आम लोगों को वर्तमान चुनौतियों का सामना किस प्रकार करना पड़ेगा इन विषयों पर विचार-विमर्श के लिए धनबाद में इस संगोष्ठी का आयोजन किया गया।संगोष्ठी में अपना वक्तव्य रखते हुए भारत ज्ञान विज्ञान समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. काशीनाथ चटर्जी ने कहा कि पूरे देश में “भारत के भविष्य पर — आज जो है, उससे बेहतर” नामक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य और जलवायु परिवर्तन के आम लोगों पर पड़ने वाले प्रभाव जैसे मुद्दों पर व्यापक संवाद किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि इस संवाद अभियान की शुरुआत जनवरी माह में भोपाल में आयोजित एक चिंतन शिविर से हुई थी। उस कार्यक्रम के बाद अभियान की सामग्री तैयार की गई तथा राज्य स्तर पर बैठकें, चिंतन शिविर और कार्यशालाएँ आयोजित की गईं। इसके पश्चात 1 मई 2026 से यह राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम शुरू हुआ, जो 1 मई 2027 तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर लोगों के साथ संवाद और जनचर्चा आयोजित की जाएगी।सीटू यूनियन के नेता रामकृष्ण पासवान ने भी इस अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि झारखंड में आयोजित हो रहे “झारखंड महोत्सव” के साथ इस अभियान को जोड़कर एक साझा जन-अभियान बनाया जाएगा।जनवादी युवा साथी विकास कुमार ठाकुर ने कहा कि वे पिछले 26 वर्षों से विज्ञान आंदोलन से जुड़े हुए हैं और इस अभियान को कला जत्था तथा जनसंवाद के माध्यम से गाँव-गाँव तक पहुँचाया जाएगा।भारत ज्ञान विज्ञान समिति की राष्ट्रीय कार्यनीति के सदस्य रवि सिंह ने कहा कि हर पंचायत में जनसंवाद और जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में शिक्षा, स्वास्थ्य और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। लोगों की वर्तमान समस्याएँ क्या हैं, उन्हें क्या सुविधाएँ चाहिए, सरकार से क्या मिल रहा है तथा भविष्य की कार्ययोजना कैसी हो इन सभी विषयों पर विस्तृत बातचीत की जाएगी।जनवादी महिला समिति की नेत्री रानी मिश्रा ने अपने वक्तव्य में कहा कि हम महिलाओं की स्थिति का अध्ययन करेंगे संघर्ष करेंगे।विकाश गुप्ता ने कहा कि धनबाद में एक वर्ष तक यह कार्यक्रम चलेगा।इस कार्यक्रम में ज्ञान विज्ञान समिति के सचिव भोलाराम, जिला कमेटी के सदस्य मैत्री गुप्ता, मधेश्वरी, हेमंत कुमार जायसवाल तथा मधुमिता मिस्त्री तथा अन्य साथियों ने भी अपने विचार रखा।