17/04/2026
कतरास : सिजुआ क्षेत्र के सेन्द्रा बांसजोड़ा साइडिंग (कांटा घर के पास) में असंगठित मजदूरों की एक सभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए जनता मजदूर संघ (बच्चा गुट) के महामंत्री अभिषेक सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।उन्होंने कहा कि असंगठित मजदूरों को “समान काम के लिए समान वेतन” मिलना चाहिए। प्रबंधन को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि मजदूरों का शोषण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संघ हर स्तर पर इसका विरोध करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रबंधन जिस भाषा में समझे, उसी भाषा में उसे समझाने का काम जनता मजदूर संघ करना जानती है।महामंत्री ने अग्नि एवं गैस प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर जल्द से जल्द बसाने की मांग की। साथ ही, मजदूरों के जीवनयापन के लिए ट्रक लोडिंग हेतु पर्याप्त मात्रा में कोयला उपलब्ध कराने पर जोर दिया। कोल डंप क्षेत्रों में पीने के पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रबंधन की जिम्मेदारी बताया गया।उन्होंने यह भी कहा कि बीएलए आउटसोर्सिंग में स्थानीय प्रभावित बेरोजगारों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देना होगा, अन्यथा किसी भी कंपनी को यहां संचालन नहीं करने दिया जाएगा।अभिषेक सिंह ने चेतावनी दी कि यदि मई तक सभी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संघ प्रबंधन को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए बाध्य होगा।सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय उपाध्यक्ष सारंगधर सिंह उर्फ मुन्ना ने कहा कि कुछ लोग रात में कोयला चोरी करवाकर दिन में खुद को साफ-सुथरा नेता दिखाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रात 10 बजे के बाद पुलिस, सीआईएसएफ और प्रबंधन के कुछ लोग मिलकर कोयला चोरी को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने मजदूरों से अपील की कि ऐसे तथाकथित नेताओं से दूरी बनाएं।उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग कंपनी पर दबाव बनाकर ठेके के माध्यम से कोयला चोरी को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे मजदूरों को नुकसान हो रहा है।इस मौके पर केंद्रीय सचिव जेपी सिंह, सेन्द्रा बांसजोड़ा शाखा अध्यक्ष लखन यादव, दिवाकर सिंह, मो. तहित, रबिन्द्र नोनिया, उमेश शर्मा, अरुण दुबे, अनिल सिंह, कामु पाल, बैजनाथ सिंह, शंकर पासवान, मो. कमाल, राहुल सिंह, जयपाल, कपिल भुइंया, सुरेश राम, श्यामा, सुरेन्द्र राम, मुर्तजा अली, भगवान दास, अशोक सिंह, शिवनाथ सिंह, संतोष मिश्रा, व्यास भुइंया समेत सैकड़ों असंगठित मजदूर उपस्थित थे।