26/04/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
धनबाद/रांची:जिले में भीषण गर्मी के बीच गहराते पेयजल संकट को लेकर जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती शारदा सिंह सक्रिय हो गई हैं। इस गंभीर मुद्दे पर उन्होंने झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से रांची में मुलाकात कर 15वें वित्त आयोग की राशि से चापाकल निर्माण/स्थापना हेतु शीघ्र आदेश जारी करने की मांग की।इससे पूर्व शारदा सिंह ने मंत्री को पत्र लिखकर भी ध्यान आकृष्ट कराया था। अपने पत्र में उन्होंने बताया कि धनबाद जिला कोल बेल्ट क्षेत्र में आता है, जहां पहले से ही जल संकट की समस्या बनी रहती है। वर्तमान भीषण गर्मी के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की भारी किल्लत देखी जा रही है।उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से लगातार चापाकल की मांग की जा रही है, लेकिन इस वर्ष 15वें वित्त आयोग की राशि से चापाकल निर्माण पर रोक जैसी स्थिति से ग्रामीणों में निराशा बढ़ रही है। यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो स्थिति और विकट हो सकती है।रांची में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से मुलाकात के दौरान शारदा सिंह ने इस मुद्दे को प्राथमिकता देने का आग्रह किया, ताकि ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट से लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि पानी जैसी बुनियादी जरूरत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और इस पर त्वरित कार्रवाई जरूरी है।जिला परिषद अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि सरकार इस दिशा में जल्द सकारात्मक कदम उठाएगी, जिससे गर्मी के इस दौर में आम लोगों को राहत मिल सके।