19/03/2026
धनबाद : आगामी ईद और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को ईस्ट बसूरिया ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ओपी प्रभारी रूपेश दुबे ने की, जबकि संचालन मोहम्मद मुख्तार ने किया। बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने सुझाव रखते हुए त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मनाने पर जोर दिया।बैठक में जानकारी दी गई कि 21 मार्च को ईद के अवसर पर मोहलीडीह ईदगाह, बड़की बौआ मस्जिद और निचितपुर मस्जिद में नमाज अदा की जाएगी, वहीं 27 मार्च को रामनवमी के मौके पर निचितपुर टाउनशिप, चौहान पट्टी, धारजोरी और बसूरिया में निर्धारित मार्गों से जुलूस निकाले जाएंगे। सभी जुलूसों को शांतिपूर्ण ढंग से निकालने और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने पर सहमति बनी।ओपी प्रभारी रूपेश दुबे ने कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और किसी भी तरह के भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट से बचने की अपील की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, छोटे-छोटे विवादों को आपसी सहमति और बैठक के माध्यम से सुलझाने पर जोर दिया गया।बैठक में यह भी बताया गया कि हाई कोर्ट के निर्देशानुसार मुहर्रम और रामनवमी के दौरान डीजे बजाने पर प्रतिबंध है। पारंपरिक वाद्य यंत्रों के उपयोग की अनुमति होगी, लेकिन उसे डीजे का रूप नहीं दिया जाना चाहिए। इस दौरान जिला परिषद सदस्य मोहम्मद इसराफिल उर्फ लाला, रामप्रीत प्रसाद, मोहम्मद मुख्तार, अंगद महतो, दयानंद महतो, जितेंद्र नाथ महतो, मोहम्मद सुभान खान, मोहम्मद फुल्टन, असीम दत्ता, गणेश रवानी, महेंद्र निषाद, सिकु पांडेय, सुरेश किस्कू, रामचंद्र भुइयां, लालू महतो, राजेंद्र तुरी, अशोक कुमार, संजय यादव, मोहम्मद महफूज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।