25/02/2026
धनबाद : बाघमारा अनुमंडल अंतर्गत ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के निछानी गांव में बच्चा चोरी की अफवाह ने मंगलवार को अचानक उग्र रूप ले लिया.ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर चार महिलाओं को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की.स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.सूचना मिलते ही ईस्ट बसुरिया ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से चारों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला. पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए ओपी लाई.बताया जा रहा है कि घटना स्थल ओपी से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर था. इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल को और भड़काने की कोशिश की.जब पुलिस चारों महिलाओं को पेट्रोलिंग वाहन से थाना ला रही थी, तभी कुछ महिलाओं ने वाहन पर चप्पल से प्रहार किया.इसके बाद भ्रामक जानकारी फैलाकर ग्रामीणों को उकसाया गया, जिससे आक्रोशित लोगों ने ओपी का घेराव कर दिया.करीब तीन घंटे तक ओपी गेट के बाहर हंगामे की स्थिति बनी रही.हिरासत में ली गई महिलाओं ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वे गोरखपुर, मऊ और देवरिया की रहने वाली हैं और काम की तलाश में निकली थीं.उनके अनुसार, निछानी पुल के पास हाथ-मुंह धोने और अमरूद खाने के दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें बच्चा चोर समझ लिया और मारपीट शुरू कर दी.घटना की सूचना पर कतरास अंचल पुलिस निरीक्षक मुकेश चौधरी,तेतुलमारी थाना प्रभारी विवेक चौधरी, पुनि सत्येन्द्र यादव एवं अंगारपथरा ओपी प्रभारी प्रवीण कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया.पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संबंधित जिलों की पुलिस से संपर्क कर महिलाओं के बारे में सत्यापन कराया जा रहा है.साथ ही क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाहों को रोकने के लिए जागरूकता रथ निकाला जा रहा है.पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध परिस्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.