02/10/2025
AKS डेस्क
धनबाद : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 121वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को पूरे जिले में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन, नगर आयुक्त रवि राज शर्मा, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक समेत कई वरीय अधिकारियों ने सिटी सेंटर स्थित राष्ट्रपिता गांधी और शास्त्री जी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।इसके उपरांत सभी पदाधिकारी गांधी सेवा सदन पहुँचे और वहां भी बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उपायुक्त ने गांधी सेवा सदन के पुस्तकालय का निरीक्षण किया तथा परिसर में गांधी म्यूजियम बनाने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।इसके बाद सभी पदाधिकारी खादी ग्रामोद्योग संघ पहुँचे और यहां राष्ट्रपिता व शास्त्री जी की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। अधिकारियों ने चरखा भी चलाया और बापू की खादी आंदोलन की प्रासंगिकता को याद किया।मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा की पूज्य बापू का जीवन सत्य, ईमानदारी और सादगी का अद्वितीय प्रतीक है। उनके आदर्श और उनके अहिंसक सिद्धांत देश की हर पीढ़ी को कर्तव्य पथ पर चलने के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने सभी धर्मों, भाषाओं, स्त्री-पुरुषों को समान दर्जा देने और समाज में फैली असमानताओं को मिटाने का कार्य किया।उन्होंने कहा कि बापू ने शांतिपूर्ण सविनय अवज्ञा आंदोलन के जरिए देश को आजादी दिलाई और पूरी दुनिया को अहिंसा का पाठ पढ़ाया।उपायुक्त ने शास्त्री जी को याद करते हुए कहा कि वे असाधारण इच्छाशक्ति वाले विचारक थे। उनका जीवन कठिनाइयों से जूझते हुए भी सिद्धांतों और मूल्यों से समझौता न करने का उदाहरण है। वे सदैव आत्मनिर्भरता और स्वतंत्रता के पक्षधर रहे और एक सशक्त, सरल और प्रेरणादायी नेता के रूप में देशवासियों के हृदय में बसे रहेंगे।इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन, नगर आयुक्त रवि राज शर्मा,जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह,डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह, धनबाद थाना प्रभारी राम नारायण ठाकुर, गांधी सेवा सदन के महामंत्री गोपालजी, खादी ग्रामोद्योग संघ के अभय कुमार चौधरी, विमलेश कुमार, समाजसेवी किरण सिंह, रिता लाला, रेणु सिन्हा, वरिष्ठ नागरिक वी.एन. सिंह, विजय झा, पम्मी किशोर,नागेंद्र कुमार, सतेन्द्र राय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी,पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद थे।