संविधान दिवस पर बाबासाहेब को श्रद्धांजलि, संविधान की रक्षा का संकल्प
निरसा (धनबाद)। आज 26नवंबर, संविधान दि वस के पावन अवसर पर निरसा प्रखंड भाकपा (माले) के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पीठाकियारी स्थित बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबासाहेब के चित्र व प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण से हुई। इसके बाद सभी साथियों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया।
संबोधित करते हुए निरसा विधानसभा भाकपा (माले) के संयोजक कामरेड आगम राम ने कहा, “बाबासाहेब डॉ. अम्बेडकर द्वारा निर्मित संविधान आज भी हमें समता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता का संदेश देता है। आज जब संविधान और लोकतंत्र पर लगातार हमले हो रहे हैं, तब हमें दृढ़ संकल्प लेना होगा कि हम संविधान की रक्षा करेंगे और बाबासाहेब के दिखाए रास्ते पर चलकर समाज के सबसे अंतिम व्यक्ति तक उनके विचारों को पहुँचाएँगे।
भाकपा माले के जिला कमेटी सदस्य कामरेड मनु सिंह ने कहा कि संविधान दिवस के इस अवसर पर निरसा प्रखंड भाकपा (माले) सभी देशवासियों से अपील करती है कि बाबासाहेब के सिद्धांतों पर चलें, संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारें और संविधान बचाओ-लोकतंत्र बचाओ के संघर्ष को तेज करें।
कार्यक्रम में भाकपा माले जिला कमेटी सदस्य कामरेड मन्नू सिंह, भाकपा माले नेता तरापदो बाउरी, मो. अख्तर हुसैन, प्रभु सिंह, दीपक, अतिकूर रहमान, कृष्णा बाउरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।