27/11/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
केंदुआ : डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल कुसुंडा के जूनियर विंग में शुक्रवार को नर्सरी से यूकेजी तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों के भीतर छिपे आत्मविश्वास, बोलने की कला (वाकपटुता) और रचनात्मकता को निखारना था।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का परिसर रंग-बिरंगी छटा से सराबोर नजर आया। सभी बच्चे अपने-अपने मनपसंद और आकर्षक परिधानों में सज-धज कर पहुंचे थे। प्रतियोगिता में कोई डॉक्टर, पुलिस और अन्नदाता किसान की भूमिका में दिखा, तो किसी ने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई और राधा-कृष्ण का रूप धरकर सबका मन मोह लिया। इसके अतिरिक्त फल, सब्जी, तितली और चाँद-तारा बने बच्चों की वेशभूषा भी आकर्षण का केंद्र रही। नन्हे प्रतिभागियों ने मंच पर आकर अपनी वेशभूषा के अनुरूप बेहद प्यारे अंदाज में अपना परिचय दिया और शानदार अभिनय भी प्रस्तुत किया।बच्चों के आत्मविश्वास और उनकी निश्छल मासूमियत को देखकर विद्यालय के प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों की मुक्तकंठ से सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका संगीता वर्णवाल, मीनल चोटालिया तथा शिवानी वर्मा ने बखूबी निभाई, जबकि पूरे कार्यक्रम का सफल मंच संचालन शिबा नाज ने किया। इस आयोजन को यादगार और सफल बनाने में बी.के. भारती, रेखा कुमारी, निशा सिंह, निधि त्रिवेदी, सुनीता प्रधान तथा कुसुम सचदेव का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।