20/11/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
केंदुआ : देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को केंदुआ स्थित श्री सत्यनारायण ठाकुरबाड़ी मंदिर से भव्य निशान शोभायात्रा निकाली गई.सत्यनारायण मंदिर के पुजारी रमेश तिवारी ने मुख्य यजमान अनिल सिंघल एवं श्रवण बंसल उर्फ मिठू और उनके परिवार के सदस्यों से विधिवत निशान पूजन करा झरिया के लिए रवाना किया. शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में केंदुआ ठाकुरबाड़ी मंदिर से निकली और केंदुआपुल, अलकुशा, कुर्स्तौर ,शिमला बहाल के रास्ते झरिया धाम के लिए रवाना हुई.इसमें 101 निशान शामिल थे जिन्हें विधि-विधान के साथ झरिया धाम में अर्पित किया गया.शोभायात्रा के दौरान भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते-गाते और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे. पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा.झरिया धाम पहुंच श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ 101 निशान अर्पित किए.शोभायात्रा को सफल बनाने में आयोजन से जुड़ी पूरी टीम की अहम भूमिका रही. केंदुआ स्थित मंदिर से लेकर झरिया धाम तक सदस्यों ने व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा.