15/11/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
केंदुआ : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर केंदुआ क्षेत्र में इन दिनों अभूतपूर्व उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है। इसी क्रम में केंदुआ पांच नंबर में ए वन क्लब व श्री श्री छठ पूजा सेवा समिति की ओर से छठ व्रतीयो के लिए तैयार किए गए छठ पूजा पंडाल एवं आकर्षक विद्युत सज्जा व मेले का उद्घाटन किया गया। समारोह का शुभारंभ केंदुआडीह थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार ने फीता काटकर किया। इस दौरान आयोजन समिति की ओर से थाना प्रभारी को गर्म शॉल ओढ़ाकर, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छठ महापर्व स्वच्छता, अनुशासन, पवित्रता और सामाजिक समरसता का महान प्रतीक है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से पर्व को पूरी शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द के साथ मिलजुलकर मनाने की अपील की।महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार की संध्या केंदुआ पांच नंबर तालाब छठ घाट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। व्रतधारियों ने पूरे विधि-विधान और निष्ठा के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया।संध्या अर्घ्य के दौरान तालाब के चारों ओर बने घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई। पारंपरिक परिधानों में सजी व्रती महिलाएं सूप और दउरा में ठेकुआ, मौसमी फल और पूजन सामग्रियां लेकर कमर भर पानी में उतरीं और भगवान भास्कर की आराधना की। घाटों पर गूंजते पारंपरिक छठ गीतों—“कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय…” से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।श्री श्री छठ पूजा सेवा समिति की ओर से घाट पर पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और आकर्षक सजावट की बेहतरीन व्यवस्था की गई थी। शाम ढलते ही सूर्योपासना के इस पावन पर्व के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में व्रतियों के परिजन और स्थानीय लोग भी घाटों पर उपस्थित रहे।इस भव्य आयोजन और कार्यक्रम को सफल बनाने में वार्ड संख्या 12 के पार्षद प्रतिनिधि गोबिंद रावत, समिति के संयोजक रामबालक पासवान,अध्यक्ष राजेंद्र पासवान,सचिव अवधेश पासवान,अमर पासवान,अनु पासवान,ओमप्रकाश चौहान,विनय वर्मा,महादेव पासवान,दिलीप पासवान,अमित पासवान, अजय पासवान, ऋषि पासवान,विजय पासवान अजीत पासवान,गुड्डू पासवान,बंटी पासवान, बुधन पासवान,विक्की पासवान,आकाश पासवान,फागुन पासवान, रवि पासवान के अलावे समिति के तमाम सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।महापर्व का यह पावन अनुष्ठान शांति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो रहा है, और अब सभी को सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस चार दिवसीय महापर्व के समापन का इंतजार है।