27/06/2026
रिपोर्ट : वरुण वैध
केंदुआ : बीसीसीएल कुसुंडा एरिया-VI के सौजन्य से डीएवी पब्लिक स्कूल, कुसुंडा धनबाद में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत शनिवार को स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया.विद्यालय के प्राचार्य अजीत कुमार दूबे के कुशल निर्देशन में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर आसपास के विभिन्न मार्गों से गुज़री.इस दौरान विद्यार्थियों ने "स्वच्छ भारत–स्वस्थ भारत", "स्वच्छता अपनाएँ, बीमारियाँ भगाएँ", "स्वच्छ वातावरण, स्वस्थ जीवन" तथा "कचरा डस्टबिन में डालें" जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया.विद्यार्थियों ने नागरिकों से अपने घर, विद्यालय तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया.प्राचार्य अजीत कुमार दूबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है.उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा समाज में इसके प्रति जनजागरण फैलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया.रैली के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा.कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देना था.