21/6/2026
धनबाद : रविवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दी आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से एक ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DALSA) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। यह कार्यक्रम ऑफलाइन तथा ऑनलाइन दोनों माध्यमों से आयोजित हुआ, जिसमें झारखंड के सभी जिलों के साथ-साथ सभी जेलों, रिमांड होम्स एवं वृद्धाश्रमों को प्रातः 7:30 बजे ऑनलाइन जोड़ा गया। इस भव्य कार्यक्रम का संचालन श्री पी. एन. सिंह जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कुल 25,000 (पच्चीस हजार) प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिससे यह आयोजन अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक बन गया।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झारखंड के विभिन्न जिलों में दी आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के सहयोग से योग कार्यक्रम उत्साह एवं उल्लास के साथ आयोजित किए गए। धनबाद मंडल कारा, बाल सुधार गृह एवं बालिका सुधार गृह में पिछले तीन दिनों से दी आर्ट ऑफ लिविंग, धनबाद की टीम द्वारा कैदियों एवं बच्चों को योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराया गया। इस अभियान में आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ प्रशिक्षक मयंक सिंह, प्रशिक्षिका सोनाली सिंह, मनी शंकर, धनबाद जेल समन्वयक संदीप कौशल तथा स्वयंसेवक विक्रम सिंह एवं डॉ. अमृता ने अपना बहुमूल्य समय एवं अनुभव प्रदान किया।इसके अतिरिक्त, 10वीं वाहिनी रेल सुरक्षा विशेष बल तथा जिला व्यवहार न्यायालय, धनबाद में भी योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर जेलर श्री दिनेश वर्मा, डीएलएसए के सचिव श्री मयंक तुषार टोपनो, जिला व्यवहार न्यायालय, धनबाद के श्री निकेश कुमार सिन्हा, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डॉ. कुमार बिमलेन्दु, अजय कुमार, स्वाति कुमारी, कन्हैया लाल ठाकुर, 10वीं वाहिनी के प्रभारी सहायक श्री जेम्स पॉल किंडो, निरीक्षक विश्वजीत मंडल, अरुण दुबे, मणि तिवारी सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।इस गौरवपूर्ण अवसर पर दी आर्ट ऑफ लिविंग के प्रतिनिधियों में से एक के रूप में उपस्थित रहना मेरे लिए अत्यंत सम्मान और सौभाग्य की बात रही। योग, ध्यान एवं प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ, तनावमुक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण का संदेश देते हुए यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। योग, स्वास्थ्य और मानव कल्याण के इस महाअभियान का हिस्सा बनना वास्तव में एक अविस्मरणीय अनुभव रहा।