धनबाद में तत्काल रेलवे टिकट को लेकर उठे सवाल, लक्ष्मी देवी ने दलालों पर कार्रवाई की मांग
धनबाद : नारी शक्ति जन सुविधा केन्द्र, भूली की अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद, विधायक तथा महापौर की प्रत्याशी रह चुकीं लक्ष्मी देवी ने रेलवे की तत्काल टिकट व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं और टिकट दलालों की सक्रियता पर चिंता जताते हुए रेलवे प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रेलवे अधिकारियों को दिए गए आवेदन में लक्ष्मी देवी ने बताया कि वह वर्ष 2013 से तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित सीएमसी अस्पताल में गंभीर बीमारी का इलाज करा रही हैं। उनका अगला चिकित्सकीय परामर्श 22 जून 2026 को निर्धारित है, जिसके लिए उन्हें 17 जून को तत्काल आरक्षण टिकट की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि उनके साथ तीन अन्य लोगों का भी आरक्षण कराया जाना आवश्यक है।लक्ष्मी देवी ने आरोप लगाया कि तत्काल टिकट काउंटरों पर अनियमितताएं देखने को मिल रही हैं और टिकट दलालों के माध्यम से टिकटों की कालाबाजारी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इसका खामियाजा आम यात्रियों, विशेषकर गंभीर रूप से बीमार मरीजों और उनके परिजनों को भुगतना पड़ रहा है।उन्होंने रेलवे प्रशासन से अनुरोध किया है कि उनकी चिकित्सकीय आवश्यकता को देखते हुए तत्काल आरक्षण टिकट उपलब्ध कराया जाए तथा तत्काल टिकट प्रणाली की निष्पक्ष जांच कर दोषी दलालों और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इससे आम यात्रियों को राहत मिलेगी और रेलवे व्यवस्था के प्रति जनता का भरोसा और मजबूत होगा।