15/06/2026
धनबाद/भूली : वार्ड संख्या 17 के आज़ादनगर स्थित गफ्फार कॉलोनी के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सिल्वर डव स्कूल के सामने करीब 66 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक पार्क का शिलान्यास सोमवार को पार्षद इम्तियाज अंसारी, शाहिदा कमर एवं हाजी बदरुद्दीन कुरैशी ने संयुक्त रूप से किया।इस पार्क के निर्माण के लिए वार्ड 17 के पार्षद इम्तियाज अंसारी और आज़ादनगर वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष शाहिद कमर लंबे समय से प्रयासरत थे। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पार्षद इम्तियाज अंसारी, शाहिदा कमर, शाहिद कमर, हाजी बदरुद्दीन कुरैशी, मुमताज़ कुरैशी तथा सिल्वर डव स्कूल के बच्चों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।इस अवसर पर बच्चों ने शाहिद कमर और शाहिदा कमर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने बच्चों के भविष्य और मनोरंजन के बारे में सोचते हुए पार्क निर्माण की पहल की है।आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा पार्क प्रस्तावित पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए ट्रैक, बच्चों के लिए आकर्षक झूले, ओपन जिम, शौचालय सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह पार्क न केवल वार्ड संख्या 17 बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भी स्वास्थ्य,मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल : इम्तियाज अंसारी शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए पार्षद इम्तियाज अंसारी ने कहा कि यह क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक पल है। इतने बड़े अल्पसंख्यक बहुल इलाके में अब तक कोई सार्वजनिक पार्क नहीं था। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से इस पार्क का निर्माण कराया जा रहा है और आने वाले दिनों में वार्ड को आदर्श वार्ड के रूप में विकसित किया जाएगा।पार्क निर्माण में हर संभव सहयोग मिलेगा : हाजी बदरुद्दीन कुरैशी हाजी बदरुद्दीन कुरैशी ने कहा कि भूली मोड़ से लेकर भूली तक कोई सार्वजनिक पार्क नहीं है। शाहिद कमर और इम्तियाज अंसारी के अथक प्रयास से यह सराहनीय कार्य संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि पार्क निर्माण में यदि किसी प्रकार की समस्या आती है तो वह हर समय सहयोग के लिए तैयार रहेंगे।बच्चों के लिए यह सौगात सराहनीय : शाहिदा कमर शाहिदा कमर ने कहा कि बच्चों के लिए पार्क का निर्माण होना अत्यंत खुशी की बात है। उन्होंने इस पहल से जुड़े सभी लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह पार्क बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य आज़ादनगर वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष शाहिद कमर ने इस पहल में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक-दो दिनों के भीतर पार्क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।कार्यक्रम में शाहिदा कमर, हाजी बदरुद्दीन कुरैशी, मुमताज़ कुरैशी, हाजी कलीमुल्ला, हैदर खान, रज़ी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।