09/06/2026
धनबाद/बाघमारा: बाघमारा अनुमंडल के चिटाही-बहीयरडीह क्षेत्र में रविवार को अवैध कोयला खनन को लेकर जबरदस्त बवाल हो गया। बंद खदान में चल रहे कथित अवैध खनन के विरोध में पहुंचे ग्रामीणों पर गो*लीबारी, ब*मबाजी और पत्थरबाजी किए जाने का आरोप लगा है। घटना में आधा दर्जन से अधिक महिला-पुरुष घायल हो गए, जबकि पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।ग्रामीणों का आरोप है कि बहीयरडीह की बंद खदान से लंबे समय से प्रतिदिन ट्रकों के जरिए अवैध कोयले की निकासी की जा रही थी। खनन के दौरान क्षेत्र की जोरिया (जलधारा) को करकट, सीमेंट और बालू डालकर बंद कर दिया गया, जिससे जोगिडीह और बहीयरडीह के हजारों घरों में पानी का संकट गहरा गया। इस समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार धरना, प्रदर्शन और सड़क जाम कर चुके थे।बताया जाता है कि हाल ही में बीसीसीएल और सीआईएसएफ ने कार्रवाई करते हुए लगभग 40 टन कोयला जब्त किया था, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि बंद की गई जोरिया को अब तक नहीं खोला गया। इसी मांग को लेकर रविवार को सैकड़ों ग्रामीण खदान के पास पहुंचे और जलधारा को खोलने का प्रयास करने लगे।ग्रामीणों के अनुसार, इसी दौरान अवैध खनन से जुड़े लोगों ने उन पर हमला कर दिया। गोलीबारी, बमबाजी और पत्थरबाजी में कई लोग घायल हो गए। घायलों में गुड़िया देवी समेत कई महिला-पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं .घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी जताई। आरोप है कि गुस्साए लोगों ने बरोरा थाना की एक पुलिस गाड़ी को निशाना बनाया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। बाद में पीड़ित ग्रामीण शिकायत दर्ज कराने सोनारडीह ओपी पहुंचे, जहां पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हो गई। तनाव बढ़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और दो युवकों को हिरासत में ले लिया, जिससे लोगों में और अधिक रोष फैल गया।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।