04/06/2026
बाघमारा : सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत टंडावाड़ी के कर्मकार टोला में एक बार फिर भू-धंसान की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीती देर रात अचानक जमीन धंसने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुबह होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है।स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, टंडावाड़ी का यह क्षेत्र लंबे समय से कोयला खनन गतिविधियों से प्रभावित रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि भूमिगत खनन के कारण जमीन के नीचे खाली स्थान बन गए हैं, जिससे समय-समय पर भू-धंसान की घटनाएं हो रही हैं। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।स्थानीय महिला साबो कमीन ने बताया कि लगातार हो रहे भू-धंसान के कारण लोग दहशत में हैं। उन्होंने कहा कि हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है और परिवारों का जीवन खतरे में है।
ग्रामीणों ने बीसीसीएल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था। इससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।स्थानीय निवासी रोहित कर्मकार ने प्रशासन और बीसीसीएल से मांग की है कि खतरे वाले क्षेत्र में रहने वाले परिवारों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित किया जाए। उनका कहना है कि हर दिन डर और अनिश्चितता के बीच जीवन बिताना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की बड़ी दुर्घटना होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी बीसीसीएल और संबंधित अधिकारियों की होगी। फिलहाल कर्मकार टोला के लोग भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं और प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं।