28/05/2026
AKS डेस्क
धनबाद : भूली क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच जल संकट ने विकराल रूप ले लिया है.हालात इतने गंभीर हैं कि स्थानीय लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं और मजबूरी में 500 से 700 रुपये तक खर्च कर पानी खरीदकर जीवन यापन कर रहे हैं.स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बीसीसीएल के सरकारी कुएं और विधायक मद से लगाए गए डीप बोरिंग पर कुछ विशेष लोगों का कब्जा हो गया है, जिसके कारण आम जनता तक जलापूर्ति सही ढंग से नहीं पहुंच पा रही है। भूली बी ब्लॉक में लगाए गए डीप बोरिंग से आसपास के सभी घरों को कनेक्शन नहीं मिलने से कई गरीब परिवार गंभीर जल संकट का सामना कर रहे हैं.वहीं भूली स्थित शिव मंदिर परिसर में वर्षों पहले धार्मिक कार्यों के लिए बनाए गए सरकारी कुएं और सार्वजनिक नल की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है. कुआं पूरी तरह गंदगी से भर चुका है और पानी दूषित हो गया है, जबकि सार्वजनिक नल को बंद कर दिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी हो रही है.सूत्रों के अनुसार, विधायक मद से लगाए गए डीप बोरिंग का समरसेबल पंप खराब होने के कारण भी जलापूर्ति प्रभावित हुई है.हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि लापरवाही और अनदेखी के चलते समस्या लगातार बढ़ती जा रही है.स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित सरकारी अधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए. साथ ही बीसीसीएल के सरकारी कुएं और विधायक मद से लगे डीप बोरिंग की भी जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को जल्द राहत मिल सके.इस पूरे मामले को लेकर भूली की जनता में भारी आक्रोश है और लोग जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं.