29.08.2019
धनबाद:-:पत्रकारों ने आज एगारकुंड प्रखंड का भ्रमण किया और वहां किए गए विकास कार्यों को देखा।एगारकुंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी अनंत कुमार ने पत्रकारों को एगारकुंड में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र, सखी मंडल द्वारा किए जा रहे विभिन्न प्रकार की गतिविधियां, प्राथमिक विद्यालय, सोलर पावर जलमिनार, पेवर ब्लॉक सड़क का निर्माण, मत्स्य गंगा नौका विहार सहित अन्य स्थानों का भ्रमण कराया।एगारकुंड में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी द्वारा 242 स्वयं सहायता समूह का गठन किया गया है। इसमें तीन हजार से अधिक महिलाओं को जोड़ा गया है।आमकुड़ा पंचायत में बैसाखी आजीविका सखी मंडल की निधि देवी ने बताया कि उनके समूह में महिलाओं द्वारा राशि इकट्ठी की जाती है। इसी राशि से समूह की महिलाओं की सहायता की जाती है। समूह ने बैंक ऑफ इंडिया में एक खाता भी खुलवाया है। जिसमें राशि को जमा किया जाता है तथा आवश्यकतानुसार समूह की महिलाओं को सहायता की जाती है। हर बुधवार को समूह की महिलाएं पंचायत भवन में एकत्रित होती है तथा विकास की चर्चा करती है। समूह की महिलाओं ने चंदा इकट्ठा कर ग्रीन फंड में अपना योगदान देकर पौधारोपण किया है।प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि आमकुड़ा पंचायत में मॉडर्न आंगनवाडी केंद्र बनाया जा रहा है। इसके लिए भवन बनकर तैयार हो चुका है। यह पंचायत ओडीएफ घोषित पंचायत है।प्रखंड विकास पदाधिकारी ने पत्रकारों को पंचायत में सोलर पावर जल मिनार, डोभा, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेवर ब्लॉक सड़क का निर्माण एवं नया प्राथमिक विद्यालय का भी भ्रमण कराया।नया प्राथमिक विद्यालय में बाल संसद का गठन किया गया है। जिसमें विद्यालय से 12 छात्र शामिल है। यहां सुनीता बाउरी एवं तुरी बाउरी द्वारा बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन बनाया जाता है। विद्यालय में सोलर पावर जलमिनार भी है।भ्रमण के दौरान काली पहाड़ी उत्तर का दौरा भी पत्रकारों ने किया।यहां की मुखिया मिट्ठू महतो ने पत्रकारों को सी.पी. नगर, हरि मंदिर में पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण का काम दिखाया। यहां 2.50 लाख रुपए की लागत से लगभग 350 फीट पेवर ब्लॉक सड़क का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हर गली में पेवर ब्लॉक सड़क का निर्माण किया जाएगा।भ्रमण के दौरान पत्रकारों ने मत्स्य गंगा नौका विहार को देखा।यहां स्वर्ण जयंती ग्रामीण स्वरोजगार योजना, मारांग बुरु स्वयं सहायता समूह तथा जाहेर ऐरा स्वयं सहायता समूह द्वारा पर्यटकों को नौका विहार कराया जाता है।समूह के सचिव नेपाल चन्द्र ने बताया कि सरकार द्वारा समूह को सहायता प्रदान की गई है। बबलू मरांडी ने बताया कि समूह के पास 16 नौका व 4 मोटर बोट है। काली पहाड़ी स्वावलंबी मत्स्यजीवी सहयोग समिति के कार्तिक महतो ने पत्रकारों को बताया कि सरकार के सहयोग से समूह के पास 2 मोटरबोट है। एगारकुंड प्रखंड का संक्षिप्त विवरण।एगारकुंड प्रखंड की स्थापना 5 अगस्त 2014 को की गई थी। इसकी जनसंख्या लगभग 1 लाख 60 हजार है। यहां 20 पंचायत व एक नगर पर्षद (चिरकुंडा) है। प्रखंड में सेंसस टाउन, 38 राजस्व गांव है। यहां 2 पुलिस स्टेशन व 3 ओपी है। साथ ही 3 पोस्ट ऑफिस व 3 कॉलेज है। हाई स्कूल की संख्या 8 है। दिल्ली - कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग के 8 किलोमीटर का हिस्सा एगारकुंड प्रखंड से गुजरता है।