28.08.2019
AKS डेस्क
धनबाद
जिला मुख्यालय के पत्रकारों को आज तोपचांची प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का भ्रमण कराकर वहां चल रही सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से रूबरू कराया गया।भ्रमण के दौरान पत्रकारों को पावापुर पंचायत ले जाया गया। वहां सुदेश प्रसाद द्वारा मधुमक्खी पालन किया जा रहा है।सुदेश प्रसाद ने बताया कि सरकार की योजना के तहत उन्होंने 20 बॉक्स में मधुमक्खी पालन आरंभ किया है।प्रति माह एक बक्से पर ₹150 का खर्च आता है। 20 बॉक्स में मधुमक्खी पालन से उन्हें लगभग 40 किलोग्राम शहद प्राप्त होगा। शहद को निकालने के लिए उन्हें सरकार की ओर से सेंट्रीफ्यूगल बॉक्स भी प्रदान किया गया ह। उन्होंने बताया कि मधुमक्खी पालन से उनकी आय में वृद्धि होगी।भ्रमण के दौरान हरिहरपुर पंचायत का भी दौरा किया गया।यहां कोरकोट्टा आजीविका महिला ग्राम संगठन का गठन किया गया है। इस संगठन को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी एवं एन आर एल एम द्वारा सहयोग प्रदान किया गया है।संगठन की रीता देवी एवं परमिला देवी ने बताया कि उनके समूह में 18 ग्रुप हैं। पहले वे बैंक से ऋण लेकर अपना छोटा-मोटा व्यवसाय करती थी। लेकिन समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आसानी से कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध हो जाता है। इससे समूह की महिलाएं विभिन्न प्रकार का व्यवसाय करती हैं। जिससे उनकी गरीबी दूर हुई है। समूह से जुड़ने के बाद समूह की दीदी घर से बाहर निकल रही है।उन्हें समूह के द्वारा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी मिल रही है।इसी पंचायत की कल्पना देवी, खेतनी देवी एवं अलकाही देवी ने बताया कि उनके पंचायत में जल मीनार स्थापित हो गया है। जो सोलर पंपसेट से चलता है। अब महिलाएं जल मीनार से स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल प्राप्त करती हैं। बच्चे भी यहां आकर जल ग्रहण करते हैं। इससे पहले उन्हें दूर-दूर से पेयजल लाना पड़ता था।जिसमें बच्चे भी सहयोग करते थे।इस कारण बच्चों की पढ़ाई लिखाई में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी।लेकिन जल मीनार की स्थापना हो जाने से गांव के लोग काफी प्रफुल्लित हैं और सुकून महसूस करते हैं।उन्होंने बताया कि उनके पंचायत में चार जल मीनार हैं। जहां से 150 से 200 लोग पानी भरते हैं।तोपचांची प्रखंड के रंगडीटांड पंचायत में एलइडी स्ट्रीट लाइट लग जाने से वहां के ग्रामीण भी हर्षित हैं।इसी पंचायत में 70 ट्रेंच कम बाउंडिंग तथा 10000 पौधारोपण किए गए हैं।प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार ने बताया कि 3 फीट गहरा, 3 फीट चौड़ा और 12 फीट लंबा एक टीसीबी में लगभग एक लाख भूगर्भ जल स्तर को बढ़ाने की क्षमता है।उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा यहां 10000 पौधारोपण किया गया है। जो आने वाले दिनों में बहुत लाभकारी सिद्ध होगा।इस दौरान पत्रकारों को तोपचांची झील का भी भ्रमण कराया गया।भ्रमण के दौरान विभिन्न समाचार पत्र के संवाददाता, छायाकार तथा इलेक्ट्रॉनिक चैनल के प्रतिनिधि एवं कैमरा पर्सन उपस्थित थे।