25.08.2019
रिपोर्ट- गौतम मंडल
देवघर
सखी मंडल की महिलाएं नई सफलता की कहानी गढ़ रही है। वे अब किसी कि मोहताज नहीं बल्कि स्वयं आत्मनिर्भर हो रही है और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित कर रही हैं। ऐसे हीं सखी मंडल कि महिला सदस्य प्रियंका देवी है। देवघर के मोहनपुर प्रखण्ड के चितरपोका गांव की रहने वाली 26 वर्षीय, प्रियंका देवी ’’सीता आजीविका’’ सखी मंडल की सदस्य है। यह सखी मंडल ग्रामीण विकास विभाग के अधीन संचालित है। प्रियंका देवी पहले घर पर ही रह कर केवल घर का काम करती थी, परंतु सखी मंडल से जुड़ने के बाद वे न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं, बल्कि समाज में एक नई पहचान बनाई है। पहले वह अपने पति के नाम से जानी जाती थी, अब उन्होंने अपने स्वयं की पहचान बनाई है। वह आज एक सक्रिय महिला के रूप में 11 सखी मंडल का काम पूरे आत्मविश्वास के साथ कर रही है एवं कई समाजिक मंचों से जुड़ी हुई है। सखी मंडल से उन्होंने 30 हजार रूपये का ऋण लेकर सिलाई और लोहे के समान का दुकान खोला। इससे अब हर महीने लगभग 12 से 13 हजार की कमाई हो जाती है।प्रियंका बताती है मैं सक्रिय महिला हूँ और कुल 11 सखी समूह देख रही हूँ, जिसमें मैं हीं नहीं बल्कि लगभग हर सखी मंडल की सदस्य ऋण लेकर अलग-अलग आजीविका के माध्यम से जुड़ी है और आमदनी को आगे बढ़ाया है। अब हर छोटी-छोटी जरूरतों के लिए हमे अपने पति या घर वालों पर निर्भर नहीं होना होता है, बल्कि हम स्वयं ही घर की जरूरतों को पूरा करने में सक्षम है।