24.08.2019
सिन्दरी । जन्माष्टमी की रात अजन्मा के जन्म के साथ ही पूरे ब्रह्मांड में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। इस शुभ अवसर पर सिन्दरी के ऐतिहासिक शिव मंदिर में भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ जिला संयोजक सह मंदिर सचिव दिनेश सिंह के संयोजन से भव्य जागरण सहित भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आयोजन किया गया।गायक शिव कुमार उर्फ टेनी व बैंजो मास्टर बुधन राम सहित टीम ने ऐसा शमाँ बाँधा कि भक्तगण मंत्रमुग्ध हो उठे। वहीं महिलाओं के समूह ने भी उनका जमकर साथ दिया और रात्रि को विशेष रात्रि बना डाला। ऐसे ही आनंद के वातावरण में अंत में पुरोहित अमर झा की उपस्थिति में रात्रि के 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जन्मोत्सव मनाई गई एवं झूलन सेवा की गई। झूलन सेवा समापन के बाद भगवान श्रीकृष्ण की भव्य आरती की गई एवं भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर शिवालय में श्री राधे कृष्ण के दरबार को विशेष रूप से सजाया गया था। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही लोगों ने खुशहाली आगमन की कामना के साथ खुशी जाहिर की।कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्रजेश सिंह, कामेशवर सिंह, सत्यदेव सिंह, शशि सिंह, अरूण सिंह, अजय सिंह, रणधीर सिंह, ललन प्रसाद, सुभाष सिंह, राहुल सिंह, रामविलास सिंह, सरदार लखजीत सिंह सहित कई पुरुष व महिला भक्तगण उपस्थित रहे।