18.07.2020
धनबाद के सांसद पीएन सिंह के पुत्र प्रशांत सिंह के ड्राइवर की कोविड अस्पातल (सेंट्रल अस्पताल, बीसीसीएल) में माैत हो गई है। कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देर रात मृत्यु हो गई। जबकि सांसद के ड्राइवर की स्थिति चिंताजनक है। उसका भी कोविड अस्पताल में इलाज चल रहा है। सांसद पुत्र के ड्राइवर की माैत के साथ ही धनबाद में कोरोना से मरने वालों की संख्या पांच हो गई है। हालांकि रिम्स रांची और टीएमएच जमशेदपुर में मरने वाले धनबाद के मरीजों की संख्या जोड़ने पर कुछ ज्यादा ही हो जाएगी।
◆सांसद के घर में कोरोना का कहर◆
भाजपा सांसद पीएन सिंह का धनसार स्थित घर कोरोना का एपी सेंटर बन गया है। उनके बॉडीगार्ड को कोरोना होने के बाद ही धनबाद जिला प्रशासन ने एपी सेंटर के रूप में चिह्नित करते हुए घर को सील कर दिया था। बॉडीगार्ड के बाद ड्राइवर और स्टाफ का टेस्ट भी पॉजिटिव आया। इसके बाद सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो ड्राइवर को भर्ती कराया गया था। एक की कोविड अस्पताल में माैत हो गई है। इस माैत के बाद सांसद परिवार में हड़कंप मच गया है।
◆प्रशांत सिंह के साथ रांची रहता था ड्राइवर◆
सांसद के बेटे प्रशांत सिंह हाई कोर्ट रांची में अधिवक्ता हैं। लॉकडाउन के कारण धनबाद में हैं। ड्राइवर भी साथ में था। सांसद के बॉडीगार्ड को कोरोना होने के बाद स्टाफ और ड्राइवरों की जांच कराई गई। प्रशांत सिंह के ड्राइवर का टेस्ट पॉजिटिव आया। इसके बाद उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दाैरान उसकी माैत हो गई।सांसद के पुत्र के ड्राइवर की माैत, उनके बॉडीगार्ड और स्टाफ के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद धनबाद भाजपा में हड़कंप मच गया है। भाजपाइयों का हमेशा सांसद के घर-आना जाना रहता था। उनके बॉडीगार्ड और स्टाफ के संपर्क में आते थे। अब वे चिंतित हो उठे हैं। उन्हें कोरोना का डर सता रहा है।